अंबाला/चंडीगढ़ । दशम गुरु श्री गोबिंद सिंह जी को समर्पित अन्तराष्ट्रीय कवि दरबार 29 अप्रैल को अंबाला शहर हूड्डा सैक्टर 8 के ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस कवि दरबार में बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शिरकत करेंगे। इस कवि दरबार में उच्च कोटि के कई नामीगिरामी कवि हिस्सा ले रहे हैं। एक दर्जन से भी अधिक कवियों द्वारा कविता पाठ पेश किया जाएगा। विधायक असीम गोयल ने कवि दरबार की आढ़ में कांग्रेस खेमें में सेंध लगा दी है, जिससे कांग्रेस में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अंबाला शहर से बीजेपी विधायक असीम गोयल सहित मशहूर विद्वान कवि डॉ रत्न सिंह ढिल्लों, कवि दरबार के आयोजक समाजसेवी सांध्य समाचारपत्र के सम्पादक नरेंद्र सिंह भाटिया, वार्ड नम्बर 7 के नगर पार्षद दलजीत सिंह भाटिया, अंबाला क्लब के चैयरमेन सुनील त्रिखा, विधायक असीम गोयसल के मीडिया सलाहकार मनोज गोयल व अन्य ने आज चंडीगढ़ मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात की।
विधायक असीम गोयल व नरेंद्र सिंह भाटिया ने मुख्यमंत्री से कवि दरबार के लिए मुख्य अतिथि के लिए आमंत्रण का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सहर्ष आमंत्रण स्वीकार करते हुए कवि दरबार में शामिल होने का भरोसा दिया।
इस आमंत्रण के साथ ही आज अंबाला नगर निगम के वार्ड नम्बर 7 के कांग्रेसी पार्षद दलजीत सिंह भाटिया ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी के कमल का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री ने दलजीत सिंह भाटिया को आशीर्वाद दिया। कांग्रेस से बरसों का नाता तोड़कर बीजेपी में शामिल हुए दलजीत सिंह भाटिया को लेकर देर शाम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।
सूत्रों के मुताबिक विधायक असीम गोयल भविष्य में कांग्रेस के तीन ओर पार्षदों को तोड़कर एक बड़ा राजनीतिक झटका देने की फ़िराक में हैं। अगर ऐसा हुआ तो मेयर की कुर्सी पर काबिज कांग्रेस को बड़ा नुकसान होने की अटकलें तेज हो गई हैं। 29 अप्रैल को तीन कांग्रेस समर्थित निगम पार्षद बीजेपी में शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
सनद रहे कि अंबाला शहर के पूर्व विधायक विनोद शर्मा की बदौलत उनके समर्थन से ही कांग्रेस ने निगम की सत्ता पर काबिज किया था।
इस कवि दरबार की आढ़ में भविष्य में क्या राजनीतिक गुल खिलेगा के चर्चे जोरों पर हैं। कांग्रेस के कुछ नेतायों ने बिखरती हुई पार्टी की ताक़त को बचाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बीजेपी विधायक असीम गोयल ने कांग्रेस पार्टी की आपसी फ़ूट का फायदा उठाने के लिए पूरी ताक़त झौंक दी है।